फर्रुखाबाद : पुलिस लाइन में तैनात दरोगा ने शराब के नशे में पत्नी को छत से फेंका, हालत गंभीर

फर्रुखाबाद पुलिस लाइन में तैनात दारोगा विवेक कुमार राणा की पत्नी साधना सिंह (45) गुरुवार शाम संदिग्ध हालात में छत से नीचे गिर गईं। घटना कादरीगेट थाना क्षेत्र के मुहल्ला रेटगंज स्थित डिस्ट्रिक्ट कोऑपरेटिव कार्यालय की ऊपरी मंजिल पर बने आवास की है।

पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद तेज आवाजें

आपको बता दें कि गुरुवार को शाम दारोगा विवेक कुमार राणा और उनकी पत्नी साधना सिंह के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसी दौरान आसपास के लोगों ने मकान से तेज आवाजें और चीख-पुकार सुनी।

गंभीर हालत में लोहिया अस्पताल पहुंचाया

कुछ ही देर बाद साधना सिंह खिड़की से नीचे गिर पड़ीं। पड़ोसियों की मदद से उन्हें ई-रिक्शा द्वारा आवास विकास कॉलोनी स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टर अभिषेक चतुर्वेदी ने उनका प्राथमिक उपचार किया।

रीढ़ और पैर की हड्डी टूटी, छह टांके

चिकित्सकों के अनुसार साधना सिंह की रीढ़ और पैर की हड्डी टूट गई है। पैर में गंभीर घाव होने के कारण छह टांके लगाए गए हैं। हालत नाजुक होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

महिला का आरोप – पति ने छत से फेंका

पीड़िता साधना सिंह ने आरोप लगाया है कि पति ने नशे की हालत में उन्हें छत से नीचे धक्का दे दिया। उन्होंने यह भी बताया कि पहले भी उनके साथ मारपीट होती रही है, यहां तक कि बेटे की शादी के दौरान भी विवाद हुआ था।

पुलिस ने दर्ज किया बयान, जांच जारी

घटना की सूचना पर कादरीगेट थाना प्रभारी कपिल कुमार चौधरी और सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय लोहिया अस्पताल पहुंचे। महिला का बयान दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें