फर्रुखाबाद : अज्ञात वाहन ने मारी बाइक सवार युवक को टक्कर, घटनास्थल पर दर्दनाक मौत

फर्रुखाबाद के शमशाबाद क्षेत्र में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई। हादसा शाम करीब 6 बजे ढाई घाट–शमशाबाद मार्ग पर बुढ़िया पुल के पास हुआ, जहां एक अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद चालक मौके से फरार

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही शमशाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। मृतक की तलाशी के दौरान उसके पास से एक मोबाइल फोन मिला, जिससे उसकी पहचान करने में मदद मिली।

मोबाइल से हुई मृतक की पहचान

मोबाइल में मिले नंबरों पर संपर्क करने पर मृतक की पहचान हरवीर सिंह (28) पुत्र बदन सिंह के रूप में हुई। वह नगला बाबन, कालिंजर थाना अलीगंज, जनपद एटा का रहने वाला था।

पीछे छोड़ गया भरा-पूरा परिवार

पुलिस ने मृतक के भाई भगवान दास को फोन कर घटना की जानकारी दी और वीडियो कॉलिंग के जरिए शव दिखाकर पहचान कराई। परिजनों ने पुष्टि की कि हरवीर सिंह विवाहित था और उसके तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां और तीन माह का एक बेटा शामिल है।

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया

शमशाबाद थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय फतेहगढ़ भेज दिया है। थाना अध्यक्ष रमेश सिंह ने बताया कि परिजनों के आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें