जनपद फर्रुखाबाद में पुलिस ने नशे के कारोबार पर करारा प्रहार किया है। गुरुवार को कम्पिल थाना पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान दो सगे भाइयों समेत तीन युवकों को 54 किलो अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार कर लिया। बरामद किए गए गांजे की कीमत करीब 12.50 लाख रुपए आंकी गई है।
चेकिंग के दौरान पकड़ में आए तस्कर
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई थाना क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान की गई। पुलिस को देखकर तीन युवक घबरा गए, जिससे शक गहराया। जब उनकी तलाशी ली गई तो उनके पास मौजूद पांच ट्रॉली बैग से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। गांजे का कुल वजन 54 किलो निकला।

सगे भाइयों समेत तीन गिरफ्तार
आपको बता दें कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान थाना कादरी गेट के नरकसा अंबेडकर नगर निवासी सूर्य प्रकाश के पुत्रों अंकित शुक्ला उर्फ शंशाक और आयुष शुक्ला व तीसरे आरोपी की पहचान मऊ दरवाजा क्षेत्र के नारायणपुर निवासी नन्हे कठेरिया के पुत्र ओमजी कठेरिया के रूप में हुई है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
पुलिस ने बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर थाना कम्पिल में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे जल्दी पैसा कमाने के लालच में गांजा की तस्करी कर रहे थे।

अपर पुलिस अधीक्षक ने किया खुलासा
मामले का खुलासा अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार ने पुलिस लाइन सभागार में प्रेस वार्ता के दौरान किया। उन्होंने बताया कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।

पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किन-किन जिलों में की जानी थी। नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी तेज कर दी गई है।


















