फर्रुखाबाद जनपद के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र में इटावा–बरेली हाईवे पर सड़क किनारे एक अज्ञात युवक का शव पड़ा मिला। शव खाटू श्याम मंदिर के पीछे खटा डुबका मार्ग पर देखा गया। रविवार सुबह करीब 10 बजे राहगीरों ने इसकी सूचना डायल 112 पर दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची
घटना की जानकारी मिलते ही मोहम्मदाबाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। हालात को देखते हुए तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

ASP, CO और फोरेंसिक टीम ने संभाला मोर्चा
मौके पर एएसपी अरुण कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी कायमगंज राजेश कुमार द्विवेदी और फोरेंसिक टीम पहुंची। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच करते हुए अहम साक्ष्य जुटाए। घटनास्थल पर खून फैला होने से मामला संदिग्ध माना जा रहा है।
25 से 30 साल का बताया जा रहा मृतक
पुलिस के अनुसार मृत युवक की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच है। उसका रंग गेहूंआ बताया गया है। युवक ने हरी हाफ जैकेट, नीले-लाल रंग का ट्रैकसूट अपर, लाल-काली प्रिंटेड शर्ट, काली-सफेद लाइन वाली टी-शर्ट, ब्राउन इनर, काली एडिडास लोअर और ब्राउन चड्डी पहन रखी थी।

शरीर पर चोट के निशान, हाथों में सूजन
मृतक के एक पैर में काली क्रॉस चप्पल थी। गले में लाल टसर, सीधे हाथ में काला मोटा धागा और अंगूठी जबकि दूसरे हाथ में छल्ला पाया गया। दोनों हाथों में सूजन और सिर पर गहरे चोट के निशान थे, जिससे खून बहने के प्रमाण मिले हैं।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद खुलेगा मौत का राज
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।


















