सोमवार को लुधियाना–चंडीगढ़ रोड हुए सड़क हादसे में घायल 26 वर्षीय युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। युवक की मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। आपको बता दें कि कम दृश्यता के चलते सामने से आ रहे ट्रक और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसे के बाद अस्पताल में तोड़ा दम
टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार युवक सड़क पर कई फीट दूर जा गिरा। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल युवक को सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

फर्रुखाबाद का रहने वाला था मृतक आनंद
मृतक की पहचान जनपद फर्रुखाबाद के मोहम्मदीनपुर गांव निवासी 26 वर्ष आनंद के रूप में हुई। आनंद लुधियाना की एक फैक्ट्री में नौकरी करता था और अपने बुजुर्ग माता-पिता का एकमात्र सहारा था। वह अविवाहित था और परिवार में दो बहनें व एक भाई हैं।
पोस्टमार्टम के लिए लुधियाना पहुंचे परिजन
हादसे की सूचना मिलते ही आनंद के परिजन उत्तर प्रदेश से लुधियाना पहुंचे। गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में युवक की मौत की खबर से मातम पसरा हुआ है।
ट्रक जब्त, चालक गिरफ्तार
पुलिस ने हादसे के बाद ट्रक को कब्जे में लेकर चालक जसनेल सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। जांच अधिकारी गुरजीत सिंह ने बताया कि चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में घना कोहरा और तेज रफ्तार हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है।


















