शुक्रवार की देर रात जनपद फर्रुखाबाद के इटावा-बरेली हाईवे पर संतोषपुर गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा गुप्ता ईंट भट्टे के पास हुआ, जहां युवक का शव बुरी तरह कुचली हालत में सड़क पर पड़ा मिला।
घना कोहरा बना हादसे की वजह, शव के ऊपर से गुजरते रहे वाहन
आपको बता दें कि देर रात में घना कोहरा होने के कारण युवक सड़क पर ही पड़ा रह गया। अंधेरे और कोहरे के चलते कई वाहन उसके ऊपर से गुजरते चले गए, जिससे शव पूरी तरह क्षत-विक्षत हो गया और पहचान करना बेहद मुश्किल हो गया।
सुबह 4 बजे राहगीर ने देखा शव, पुलिस को दी सूचना
26 दिसंबर, शनिवार की सुबह करीब 4 बजे मदनपुर निवासी बबलू पुत्र कश्मीर सड़क से गुजर रहा था। उसने हाईवे पर युवक का शव देखा और तुरंत मदनपुर चौकी पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया।
मौके पर पहुंची पुलिस, शव के टुकड़े समेटे गए
सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दस्ताने पहनकर सड़क पर बिखरे शव को एकत्रित किया। उप निरीक्षक बलवीर सिंह ने पंचायतनामा भरते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
पहचान के लिए डीएनए टेस्ट की तैयारी
प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। जरूरत पड़ने पर डीएनए सैंपलिंग भी कराई जाएगी। मृतक के पास से काली पैंट, आसमानी रंग का स्वेटर और काली बेल्ट बरामद हुई है। पुलिस आसपास के जिलों में गुमशुदगी की जानकारी भी जुटा रही है।


















