कायमगंज नगर के मोहल्ला बजरिया रामलाल में बुधवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक सराफा दुकानदार पर दबंगों ने हमला कर दिया। पीड़ित दुकानदार मनोज वर्मा रोज की तरह शाम करीब 4 बजे अपनी दुकान पर बैठे थे। तभी मोहल्ले का ही रहने वाला अज्जू उर्फ अजय मिश्रा अपने कुछ साथियों के साथ दुकान पर पहुंचा और बिना किसी बात के विवाद करने लगा।

विरोध किया तो हमला, दुकानदार लहूलुहान
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसा में बदल गई। आरोप है कि अज्जू मिश्रा ने ईंट उठाकर दुकान का काउंटर तोड़ दिया। जब मनोज वर्मा ने इसका विरोध किया, तो सभी आरोपियों ने मिलकर उन पर हमला कर दिया। हमले में मनोज वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया
घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से घायल दुकानदार को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

दुकान खरीदने के बाद भी मांगे जा रहे थे पैसे
अस्पताल में इलाज के दौरान मनोज वर्मा ने बताया कि उन्होंने यह दुकान कई साल पहले अज्जू मिश्रा से खरीदी थी और पूरी रकम का भुगतान भी कर दिया था। इसके बावजूद आरोपी आए दिन अतिरिक्त पैसे की मांग करता था। बुधवार को भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो बाद में मारपीट में बदल गया।

पुलिस जांच में जुटी, होगी सख्त कार्रवाई
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की। कस्बा चौकी इंचार्ज सोमवीर सिंह ने बताया कि आरोपी शराब के नशे में था और उसी दौरान उसने मारपीट व तोड़फोड़ की है। मामले की गहन जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


















