फर्रुखाबाद में नाबालिग से छेड़छाड़ का मामला: आरोपी ने कबूला जुर्म, एसडीएम न्यायालय ने भेजा जेल

जनपद फर्रुखाबाद के अमृतपुर थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय नाबालिग बालिका से देर रात छेड़छाड़ किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की है।

रात 3 बजे घर में घुसकर की छेड़छाड़

पीड़ित पक्ष द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार गांव का ही 20 वर्षीय अभिषेक पुत्र सुरेश रात लगभग 3 बजे उनके घर में घुस आया और उनकी नाबालिग बेटी से छेड़छाड़ करते हुए उसे डराया-धमकाया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने किया जुर्म कबूल

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में अभिषेक ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

छेड़छाड़ का केस दर्ज, शांतिभंग में चालान

पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पूछताछ के बाद आरोपी का शांतिभंग की धारा में चालान कर दिया गया।

एसडीएम न्यायालय ने भेजा जेल

गिरफ्तार आरोपी को पुलिस ने उप जिलाधिकारी (एसडीएम) न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। थानाध्यक्ष (कार्यवाहक) रवि सोलंकी ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा चुकी है और आरोपी को जेल भेज दिया गया है।

Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें