जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज कस्बे में गुरुवार को जीएसटी विभाग की संयुक्त टीम ने एक साथ कई तंबाकू कारोबारियों के प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई जौंरा रोड स्थित एमएस शिव ट्रेडर्स, श्री साईं ट्रेडर्स और ममता ट्रेडर्स पर की गई। अचानक हुई इस छापेमारी से इलाके के व्यापारियों में हड़कंप मच गया।

तीन जिलों की टीम ने मिलकर की कार्रवाई
इटावा, कन्नौज और फर्रुखाबाद जिलों की संयुक्त जीएसटी टीम ने यह छापामार कार्रवाई की। टीम का नेतृत्व एडिशनल कमिश्नर सुरेंद्र मोहन, जॉइंट कमिश्नर संतोष वर्मा और डिप्टी कमिश्नर शैलेंद्र सिंह ने किया। टीम ने तीनों फर्मों पर पहुंचकर दस्तावेजों, स्टॉक और बिलों की गहन जांच शुरू की।

छापे की भनक लगते ही कई व्यापारी हुए फरार
जैसे ही छापेमारी की खबर फैली, कई तंबाकू व्यापारी अपनी गोदामों के ताले लगाकर फरार हो गए। कुछ कारोबारियों ने अपने मोबाइल फोन भी बंद कर लिए, ताकि उनसे संपर्क न किया जा सके।

खबर लिखे जाने तक जांच जारी रही
खबर लिखे जाने तक जीएसटी विभाग की टीम तीनों गोदामों पर अभिलेखों की जांच में जुटी हुई थी। अधिकारी कारोबार से जुड़े बिल, स्टॉक और टैक्स रिकॉर्ड का बारीकी से मिलान कर रहे थे।


















