कायमगंज: गुरुवार की सुबह कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव सुभानपुर में एक महिला ने घरेलू कलह से परेशान होकर जहर खाकर आत्महत्या कर ली। परिजन उसे गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजन अस्पताल में शव छोड़कर फरार हो गए।
अस्पताल में उपचार के दौरान हुई मौत
आपको बता दें कि सुभानपुर निवासी शरीफ बंजारा की पत्नी 25 वर्षीय रुबीना ने सुबह जहरीला पदार्थ खा लिया। उसकी हालत बिगड़ने पर परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे लोहिया अस्पताल, फर्रुखाबाद रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान रुबीना ने दम तोड़ दिया।
पति-पत्नी में चलता था विवाद
ग्रामीणों ने जानकारी देते हुए बताया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। करीब तीन माह पहले रुबीना नाराज होकर जयपुर चली गई थी। उस समय पति शरीफ ने पुलिस को इसकी मौखिक सूचना दी थी। लगभग पंद्रह दिन पहले वह अपने घर लौटी थी।
आठ दिन पहले दिया था बच्चे को जन्म
मृतका रुबीना ने आठ दिन पहले ही एक बच्चे को जन्म दिया था। उसके पहले से दो बच्चे और हैं। अचानक हुई इस घटना से गांव में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही कस्बा चौकी प्रभारी नागेंद्र सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया गया है और परिजनों की तलाश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह मामला घरेलू विवाद से जुड़ी आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।
