Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद के कम्पिल थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक सर्राफा व्यापारी के साथ लूटपाट की वारदात सामने आई है। बता दें कि कम्पिल कस्बे के मोहल्ला मांझ गांव निवासी सतीश चंद्र वर्मा की सिवारा गांव में ‘शिवम ज्वैलर्स’ के नाम से सोने-चांदी की दुकान है। सोमवार शाम जब वह दुकान बंद करके बाइक से अपने घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में बाइक सवारों ने उन्हें रोक लिया।
सोने की चेन और नकदी लेकर भागे बदमाश
व्यापारी का आरोप है कि कम्पिल-सिवारा मार्ग स्थित गांव सवितापुर के पास पीछे आ रहे बाइक सवार दो बदमाशो ने उन्हें रोक लिया। बाइक सवार एक बदमाश ने उन पर डंडे से हमला कर दिया। पीड़ित ने बचाव की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उनके गले में पड़ी सोने की चेन और जेब में रखे 5 से 6 हजार रुपये छीन लिए। शोर मचाने पर आरोपी कम्पिल की ओर भाग निकले।
मौके पर जुटी भीड़, परिजनों और पुलिस को दी सूचना
घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ एकत्र हो गई। राहगीरों ने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस और पीड़ित व्यापारी के परिजनों को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने शुरू की मामले की पड़ताल
मामले की जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी (सीओ) अजय वर्मा ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पीड़ित व्यापारी द्वारा लगाए गए आरोपों और घटना की गहराई से जांच की जा रही है।


























