Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद में नवरात्र के पावन अवसर पर ‘मिशन शक्ति फेज़-6’ का शुभारंभ किया गया। इस अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, अधिकारों और स्वावलंबन के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक विशाल रैली का आयोजन किया गया। यह रैली पुलिस लाइन फतेहगढ़ से प्रारंभ होकर कोतवाली फतेहगढ़ और फर्रुखाबाद क्षेत्र के प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई वापस पुलिस लाइन परिसर में पहुंचकर सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

आला अधिकारियों ने रैली को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
इस अवसर पर पुलिस उपमहानिरीक्षक (कानपुर रेंज) यमुना प्रसाद, जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने संयुक्त रूप से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में पुलिसकर्मियों, जनप्रतिनिधियों, महिलाओं और बड़ी संख्या में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर अभय वर्मा और मिशन शक्ति की टीम विशेष रूप से मौजूद रही।

आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों और अधिकारों की दी गई जानकारी
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने जानकारी देते हुए कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उन्हें सामाजिक व आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। अधिकारियों ने अपील की कि छेड़छाड़, घरेलू हिंसा या साइबर अपराध की स्थिति में महिलाएं बिना किसी डर के हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें।


























