Farrukhabad News : जनपद शाहजहांपुर के अल्हागंज थाना क्षेत्र के गांव रघुनाथपुर निवासी 65 वर्षीय शिवनाथ शनिवार शाम करीब 7 बजे सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में शिवनाथ गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और उन्हें नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अल्हागंज ले गए।
लोहिया अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
अल्हागंज स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद शिवनाथ की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत रेफर कर दिया। परिजन उन्हें फर्रुखाबाद के डॉ. राममनोहर लोहिया जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां शनिवार रात करीब 8:40 बजे इलाज के दौरान उनकी सांसें थम गईं। अस्पताल की इमरजेंसी में मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने शव को मोर्चरी में रखवाकर स्थानीय पुलिस को सूचना दे दी है।
दो बेटियों के सिर से उठा पिता का साया, परिवार में मचा कोहराम
मृतक शिवनाथ के परिवार में कोई बेटा नहीं है, केवल दो बेटियां—अर्चना और बिरला हैं। अर्चना की शादी 15 वर्ष पूर्व हुई थी और वह अपने पति अमर सिंह के साथ रहकर पिता की पूरी देखभाल करती थीं। अचानक हुई इस हृदयविदारक घटना के बाद बेटियों और दामाद का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता की असमय मौत से पूरे गांव और परिवार में गहरा शोक व्याप्त है।


























