Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद की आवास विकास कॉलोनी में करीब 40 एनएचएम संविदा स्वास्थ्य कर्मी लखनऊ में हो रहे आंदोलन में शामिल होने के लिए एकत्र हुए थे। ये कर्मचारी ‘समान कार्य समान वेतन’ सहित अपनी अन्य मांगों को लेकर एक सप्ताह से कार्य बहिष्कार कर रहे हैं। जब कर्मी बस में सवार होकर निकलने वाले थे, तभी पुलिस ने वहां पहुंचकर बस की चाबी निकाल ली। इस बात को लेकर संविदा कर्मचारियों और पुलिस के बीच विवाद शुरू हो गया। कर्मचारियों ने दीवान से चाबी और मोबाइल वापस लेकर लखनऊ के लिए प्रस्थान किया।
रास्ते में पुलिस ने बस को रोकने का किया प्रयास
एनएचएम संविदा स्वास्थ्य कर्मी के लखनऊ जाने की सूचना मिलते ही कादरीगेट थानाध्यक्ष पुलिस फोर्स के साथ बस के पीछे लग गए और जहानगंज थाना पुलिस को बस रोकने को कहा। जहानगंज थाने के सामने पुलिस ने बस रोकने की कोशिश की, लेकिन चालकों ने बस नहीं रोकी। थाने से करीब 500 मीटर आगे सड़क पर गड्ढा होने और सामने से आ रहे ट्रक के कारण बस को रोकना पड़ा। इसी दौरान पुलिस ने बस पर चढ़कर उसे आगे नहीं बढ़ने दिया।

सड़क पर नारेबाजी और घंटों चले हंगामे के बाद मामला शांत
बस रोके जाने से आक्रोशित संविदा कर्मी नीचे उतर आए और सड़क पर बैठकर सरकार व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। कादरीगेट थानाध्यक्ष कपिल कुमार द्वारा समझाने के प्रयास पर कर्मचारियों की पुलिस से नोकझोंक भी हुई। इसके बाद कर्मियों ने जहानगंज में पैदल मार्च निकाला। करीब एक घंटे तक चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद अधिकांश कर्मी अन्य निजी वाहनों से लखनऊ के लिए रवाना हो गए, जबकि कुछ कर्मियों को बस से सीएमओ कार्यालय भेज दिया गया।


























