Farrukhabad News : आगामी शारदीय नवरात्रि, रामलीला मंचन और दशहरा मेला को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए फर्रुखाबाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक का आयोजन किया। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य त्योहारों के दौरान जिले में कानून व्यवस्था, सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं को चाक-चौबंद रखना है, ताकि सभी नागरिक आपसी प्रेम और भाईचारे के साथ अपने पर्व मना सकें।

साफ-सफाई, बिजली और सड़कों को दुरुस्त करने के कड़े आदेश
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पंडालों, मंदिरों और मेला परिसरों में मूलभूत सुविधाओं की कोई कमी न रहे। अधिशाषी अभियंता विद्युत को शहर में जर्जर तारों और क्षतिग्रस्त पोलों की तत्काल मरम्मत करने तथा दुर्गा पंडालों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया। नगर पालिका अधिकारियों को मंदिरों व प्रतिमा स्थापना स्थलों पर नियमित साफ-सफाई के निर्देश मिले, वहीं लोक निर्माण विभाग को क्षतिग्रस्त सड़कों को समय रहते दुरुस्त करने को कहा गया है।

संवेदनशील इलाकों पर कड़ी नजर, तहसील स्तर पर होंगी बैठकें
शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी ने समस्त उप जिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों के साथ मिलकर तहसील स्तरीय पीस कमेटी की बैठकें करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाए और किसी भी प्रकार की शिकायत या समस्या पर तुरंत कार्रवाई की जाए। बैठक में अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार, उप जिलाधिकारी सदर संजय कुमार, उप जिलाधिकारी अमृतपुर स्वेता साहू, उप जिलाधिकारी कायमगंज अभिषेक वर्मा समेत जिले के तमाम वरिष्ठ अधिकारी और समिति के सम्मानित सदस्य मौजूद रहे।

जनपदवासियों से सामाजिक सद्भाव और सहयोग की अपील
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने फर्रुखाबाद की जनता से अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक हमारी गंगा-जमुनी तहजीब को बरकरार रखते हुए त्योहारों को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं। किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में जिला प्रशासन का पूर्ण सहयोग करें। प्रशासन का उद्देश्य है कि श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के भक्ति और उल्लास के साथ इन पावन पर्वों का आनंद उठा सकें।


























