फर्रूखाबाद : कायमगंज में मनरेगा तकनीकी सहायकों का मानदेय वृद्धि को लेकर ज्ञापन, मांगें पूरी न होने पर लखनऊ में धरना प्रदर्शन की चेतावनी

Farrukhabad News : मनरेगा एवं विकसित भारत-गारंटी और रोजगार एवं आजीविका मिशन के अंतर्गत कार्यरत तकनीकी सहायकों में लंबे समय से मानदेय न बढ़ाए जाने को लेकर गहरा असंतोष व्याप्त है। जनपद फर्रूखाबाद के कायमगंज विकास खंड में कार्यरत तकनीकी सहायकों ने अपनी समस्याओं और जायज मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन खंड विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह को सौंपा है। ज्ञापन में बताया गया है कि पिछले 5 वर्षों से लगातार महंगाई बढ़ने के बावजूद कर्मचारियों के मानदेय में कोई वृद्धि नहीं की गई है, जिससे जीवन यापन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

क्षेत्र भ्रमण और पेट्रोल खर्च से आर्थिक बोझ की समस्या

तकनीकी सहायकों का कहना है कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों के एस्टीमेट गठन के साथ-साथ प्रतिदिन निर्माण कार्यों का गहन पर्यवेक्षण भी करते हैं। इस दौरान ग्राम पंचायतों में लगातार दौड़-भाग करने के कारण प्रति माह औसतन 6000 रुपये केवल पेट्रोल पर ही खर्च हो जाते हैं। कर्मचारियों का तर्क है कि सरकार की इस अति महत्वपूर्ण योजना को धरातल पर उतारने और स्थाई परिसंपत्तियों के सृजन में उनकी अहम भूमिका है, फिर भी उनकी वित्तीय स्थिति की अनदेखी की जा रही है।

मुख्य मांगें और लखनऊ इको गार्डन में धरना देने की चेतावनी

मनरेगा तकनीकी सहायक एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के बैनर तले ज्ञापन सौंपते हुए कर्मचारियों ने प्रमुख रूप से जूनियर इंजीनियर के न्यूनतम वेतनमान 45,000 प्रति माह के समकक्ष मानदेय दिए जाने तथा अतिरिक्त यात्रा भत्ता प्रदान किए जाने की मांग रखी है। कर्मचारियों ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि उनकी मांगों का निराकरण 26 सितंबर 2026 तक किया जाए। समाधान न होने की स्थिति में प्रदेश संगठन के आह्वान पर 28 सितंबर 2026 से लखनऊ स्थित इको गार्डन में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करने की चेतावनी दी गई है। ज्ञापन के दौरान टीए दीपक सिंह शिव रतन सिंह राकेश कुमार पाल व दिनेश कुमार मौजूद रहे।

फर्रूखाबाद दर्पण
फर्रूखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें