Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद में बेवर रोड स्थित 132केवी ट्रांसमिशन उपकेंद्र पर बिजली लाइन की मरम्मत का कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक हुई फ्लैशिंग और स्पार्किंग के कारण मौके पर काम कर रहे जेई, एसएसओ और हेल्पर समेत कुल पांच कर्मचारी झुलस गए। घटना के बाद तुरंत ही सभी कर्मचारियों को इलाज के लिए राममनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया।

फाल्ट ठीक करते समय हुआ तेज धमाका
बता दें कि कमालगंज बिजली उपकेंद्र की 33केवी लाइन का तार टूटने से फाल्ट आ गया था, जिसके कारण फतेहगढ़ उपकेंद्र में भी प्रभाव पड़ा था। स्थिति को सुधारने के लिए अधिकारियों की मौजूदगी में शटडाउन लेकर ट्रांसफार्मर और लाइनों की टेस्टिंग की जा रही थी। कमालगंज की 33केवी लाइन की मरम्मत के दौरान अचानक तेज स्पार्किंग और फ्लैशिंग हो गई, जिसकी चपेट में आकर वहां मौजूद बिजलीकर्मी झुलस गए।

लोहिया अस्पताल में चल रहा इलाज, स्थिति सामान्य
हादसे में झुलसे एसएसओ सूरज और हेल्पर कल्लू को बेहतर देखभाल के लिए लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं जेई रामविनय चौहान, टीजी-2 चंदन और लाइनमैन हिमांशू को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। ट्रांसमिशन अधिकारियों और एसडीओ ने पुष्टि की है कि सभी कर्मचारियों की हालत फिलहाल पूरी तरह से सामान्य और खतरे से बाहर है।

























