Farrukhabad News : शुक्रवार की सुबह जनपद फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र की ग्राम पंचायत नौखंडा के मजरा हुसैनपुर लगड़पुरा में एक युवक का शव खेत में पड़ा मिला। मृतक की पहचान गांव निवासी 30 वर्षीय संदीप कुशवाहा के रूप में हुई। संदीप पेशे से सिलाई का काम करता था। शुक्रवार सुबह जब परिजन खेत पर पहुंचे तो संदीप अचेत अवस्था में मिला। उसे तुरंत इलाज के लिए लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया।

पुराने विवाद को लेकर परिजनों ने लगाया आरोप
अस्पताल पहुंचे परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। मृतक की मां ईश्वरी देवी पत्नी प्रीति और मौसेरे भाई बलवीर ने जानकारी देते हुए बताया कि 16 सितंबर की सुबह कुत्ते को डंडे से मारने को लेकर पड़ोसी से विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी बात पर पड़ोसियों ने संदीप के साथ मारपीट की थी। परिजनों का कहना है कि पुलिस को तहरीर देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे आरोपियों के हौसले बुलंद हो गए और उन्होंने दोबारा मारपीट कर शव को खेत में फेंक दिया।

परिवार में पसरा मातम, पुलिस जांच जारी
संदीप अपने तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और अपने पीछे पत्नी प्रीति व दो मासूम बच्चों 7 वर्षीय अभी व 2 वर्षीय आरव को छोड़ गया है। घटना के बाद से ही परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मामले पर सीओ सिटी अभय वर्मा ने बताया कि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में मारपीट कर हत्या के आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी और उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

























