Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद की पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने घेर शामू खां निवासी माफिया अनुपम दुबे के करीबी संगीत दुबे की करीब 43.28 लाख रुपए की संपत्ति को कुर्क कर लिया है। यह प्रशासनिक कदम जिला मजिस्ट्रेट डॉक्टर अंकुर लाठर के आदेश पर गैंगस्टर एक्ट की धाराओं के तहत उठाया गया। बता दें कि मंगलवार दोपहर लगभग सवा तीन बजे नायब तहसीलदार हरदीप सिंह, कानूनगो श्यामबाबू, लेखपाल प्रमोद शुक्ला, सर्वेयर विकास सिंह और मऊदरवाजा थानाध्यक्ष अजब सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने बढ़पुर विकासनगर और गढ़ी अशरफ अली में स्थित प्लॉटों पर पहुंचकर कुर्का की कार्रवाई की और वहां सूचनात्मक बोर्ड भी लगा दिया।

संपत्तियों का विवरण और प्रशासनिक प्रक्रिया
प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, कुर्क की गई संपत्तियों में दो अलग-अलग स्थान शामिल हैं। पहला प्लॉट बढ़पुर के विकासनगर में स्थित है जिसकी कीमत लगभग 22.04 लाख रुपये आंकी गई है, जबकि दूसरा प्लॉट गढ़ी अशरफ अली में 21.26 लाख रुपये का है। कार्रवाई के दौरान मऊदरवाजा थानाध्यक्ष ने माइक के जरिए आसपास के लोगों को इस कुर्का कार्रवाई के बारे में औपचारिक रूप से जानकारी दी। पुलिस प्रशासन का कहना है कि वे जिला मजिस्ट्रेट के न्यायालय द्वारा जारी कानूनी आदेशों का पालन कर रहे हैं।

अपराधिक गतिविधियों में शामिल होने पर भी कार्रवाई
बता दें कि 13 नवंबर 2021 को शहर कोतवाली के तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने मोहम्मदाबाद की गांव सहसापुर निवासी माफिया अनुपम दुबे, भाई अनुराग दुबे उर्फ बब्बन दुबे, मोहल्ला वृंदावन गली निवासी अभिषेक रस्तोगी और सोनू और पंकज रस्तोगी उर्फ वंशी पर गैंगस्टर की प्राथमिक की दर्ज कराई थी। वहीं 9 अगस्त 2026 को मऊ दरवाजा थाना अध्यक्ष अजब सिंह ने जांच के दौरान संदीप दुबे को भी अनुपम दुबे के गैंग में शामिल होना पाया इसके बाद यह कार्रवाई हुई। वहीं, परिवार के सदस्य आशीष दुबे का कहना है कि यह संपत्ति उनके पिता के निधन के बाद नियमानुसार भाइयों के नाम आई थी और यह उनकी पैतृक संपत्ति है। इस पर थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि यदि किसी पक्ष के पास अपनी बात के समर्थन में तथ्य या साक्ष्य हैं, तो वे उन्हें जिला मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत कर सकते हैं। फिलहाल पुलिस प्रशासन ने विभागीय आदेश के अनुसार कुर्क की प्रक्रिया पूरी कर ली है।

























