Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में एक अहम समीक्षा बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में जनपद के भीतर 50 लाख रुपये और उससे अधिक लागत वाली निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति का विस्तार से जायजा लिया गया। जिलाधिकारी ने सभी कार्यदायी संस्थाओं और संबंधित अधिकारियों से जारी कार्यों की वर्तमान स्थिति, निर्माण की समय-सीमा और आ रही व्यावहारिक अड़चनों की जानकारी ली। उन्होंने दोटूक शब्दों में निर्देश दिया कि सभी परियोजनाएं तय समय के भीतर और शासन के निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी की जानी चाहिए।

लापरवाह संस्थाओं पर निष्कासन की तलवार
निर्माण कार्यों में ढिलाई और गुणवत्ता से समझौता करने वालों को जिलाधिकारी ने कड़ा संदेश दिया है। बैठक में स्पष्ट किया गया कि जिन संस्थाओं ने चेतावनी के बाद भी अपनी कार्यप्रणाली में सुधार नहीं किया है, उनके खिलाफ सीधे निष्कासन की कार्रवाई के लिए शासन को पत्र भेजा जाएगा। इसके अलावा, विकासखंड मोहम्मदाबाद की ग्राम पंचायत मौधा में निर्माणाधीन उत्सव भवन का काम बेहद धीमा पाए जाने पर संबंधित संस्था व अधिकारियों पर कार्रवाई के आदेश जारी किए गए हैं।

बिना सूचना गायब अधिकारी को नोटिस और नियमित निरीक्षण का आदेश
बैठक के दौरान अधिशाषी अभियंता के बिना कोई पूर्व सूचना अनुपस्थित रहने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई और उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों को हिदायत दी कि वे समय-समय पर निर्माणाधीन स्थलों का स्थलीय निरीक्षण करें ताकि प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता बनी रहे। साथ ही, जिन परियोजनाओं का काम पूरा हो चुका है, उन्हें जल्द से जल्द संबंधित विभागों को हस्तांतरित करने को कहा गया है ताकि जनता को इनका लाभ मिल सके।

























