Farrukhabad News : उत्तर प्रदेश आबकारी आयुक्त के आदेश और जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देशों के पालन में जनपद फर्रुखाबाद में अवैध मदिरा के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान पूरी सख्ती से चलाया जा रहा है। जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता के पर्यवेक्षण में आबकारी विभाग की टीमें क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं, ताकि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।

नरसिंहपुर गांव में दबिश, मौके पर लहन किया नष्ट
आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 सुधांशु चौधरी की अगुवाई में टीम ने कायमगंज क्षेत्र के ग्राम नरसिंहपुर में छापेमारी की। संदिग्ध ठिकानों पर की गई इस कार्रवाई के दौरान आबकारी टीम ने 8 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। इसके साथ ही मौके से 360 किलोग्राम लहन भी पाया गया, जिसे टीम ने तुरंत नष्ट कर दिया।

02 मुकदमे दर्ज, आगे भी जारी रहेगी कड़ी कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत 02 अभियोग पंजीकृत किए गए हैं। आबकारी विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाते रहेंगे और यह चेकिंग अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

























