Farrukhabad News : उत्तर प्रदेश आबकारी आयुक्त और फर्रुखाबाद जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी को रोकने के लिए विशेष प्रवर्तन अभियान तेजी से चलाया जा रहा है। जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता के नेतृत्व में आबकारी निरीक्षक (क्षेत्र-1) कुमार गौरव सिंह ने पुलिस टीम के साथ संदिग्ध ग्राम नेकपुर चौरासी में अचानक दबिश दी। इस कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया।

12 लीटर शराब बरामद, 160 किग्रा लहन मौके पर नष्ट
छापेमारी के दौरान टीम ने मौके से 12 लीटर अवैध कच्ची शराब और लगभग 160 किलोग्राम लहन बरामद किया। अधिकारियों ने बरामद लहन को मौके पर ही पूरी तरह से नष्ट करवा दिया। इस मामले में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत 01 मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही ग्रामीणों को जागरूक करते हुए अपील की गई कि वे जहरीली व अवैध शराब का सेवन न करें और संदिग्ध ठिकानों की जानकारी विभाग को दें।

आबकारी दुकानों का औचक निरीक्षण और स्टॉक जांच
कार्रवाई के अगले चरण में आबकारी टीम ने शहर के प्रमुख बिक्री केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान देशी शराब दुकान नेकपुर चौरासी, बढ़पुर, कम्पोजिट दुकान बढ़पुर और मॉडल शॉप आवास विकास की गहन जांच की गई। अधिकारियों ने दुकानों के स्टॉक रजिस्टर, ऑनलाइन भुगतान प्रणाली, POS मशीन से बिक्री और सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता का बारीकी से मिलान किया।

अनियमितता पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी
जांच के दौरान दुकानों से जुड़े अभिलेखों का मदिरा के स्टॉक से मिलान किया गया और कैंटीन की भी तलाशी ली गई। अधिकारियों ने अनुज्ञापियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी रिकॉर्ड अद्यतन रखें और सरकारी नियमों का शत-प्रतिशत पालन करें। चेतावनी दी गई कि किसी भी तरह की गड़बड़ी या अनियमितता पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिले में यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।























