Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद के श्रद्धेय संत नीब करोरी बाबा के ‘महासमाधि दिवस’ के अवसर पर उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने देश-दुनिया के श्रद्धालुओं के लिए एक ऐतिहासिक पहल की है। बाबा के जीवन और उनकी साधना स्थली से जुड़े प्रमुख केंद्रों को आपस में जोड़कर एक नया ‘आध्यात्मिक सर्किट’ तैयार किया गया है। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम ने लखनऊ और दिल्ली से संचालित होने वाले 5 विशेष टूर पैकेज की शुरुआत की है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य बाबा के आस्था, सादगी और सेवा के संदेश को व्यापक स्तर पर प्रसारित करना है।

फिरोजाबाद से फर्रुखाबाद तक 12.93 करोड़ से बदलेगी सूरत
पर्यटन सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए सरकार फिरोजाबाद और फर्रुखाबाद में करीब 12.93 करोड़ रुपये की परियोजनाओं पर काम कर रही है। बाबा की जन्मस्थली फिरोजाबाद के अकबरपुर में बहुद्देशीय सभागार, प्रदर्शनी हॉल, कैफे और डॉरमेट्री जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। वहीं फर्रुखाबाद स्थित नीब करोरी आश्रम के विकास के लिए 1.51 करोड़ रुपये की लागत से यात्री निवास, मुख्य द्वार और सार्वजनिक सुविधाओं का निर्माण पूरा हो चुका है। मान्यता है कि फर्रुखाबाद के इसी आश्रम में बाबा ने 12 वर्षों तक कठिन साधना की थी।

वृंदावन से लखनऊ तक जुड़ेगी बाबा की आध्यात्मिक यात्रा
नए ‘नीब करोरी बाबा सर्किट’ के तहत बाबा के जीवन से जुड़े सभी पवित्र स्थलों को एक ही मार्ग में पिरोया गया है। इसमें फिरोजाबाद का अकबरपुर गांव, फर्रुखाबाद का नीब करोरी धाम, वृंदावन का समाधि मंदिर और लखनऊ का प्रसिद्ध हनुमान सेतु मंदिर शामिल हैं। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के अनुसार, यह सर्किट श्रद्धालुओं को बाबा की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को करीब से अनुभव करने का अवसर देगा, जिससे क्षेत्र में पर्यटन और रोजगार के नए अवसर भी उत्पन्न होंगे।

2 से 5 दिनों के विशेष टूर पैकेज की सुविधा उपलब्ध
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यूपीएसटीडीसी ने 2, 3 और 5 दिनों के special tour packages जारी किए हैं। ये पैकेज पर्यटकों की मांग के अनुसार दिल्ली और लखनऊ से संचालित किए जाएंगे। यात्रा से जुड़ी जानकारी या बुकिंग के लिए श्रद्धालु आधिकारिक हेल्पलाइन नंबर +91 91490 99890 पर संपर्क कर सकते हैं या यूपीएसटीडीसी की वेबसाइट (upstdc.co.in) पर विजिट कर सकते हैं। यह कदम उत्तर प्रदेश के आध्यात्मिक पर्यटन में एक नया अध्याय जोड़ेगा।























