Farrukhabad News : बुधवार की दोपहर जनपद फर्रूखाबाद के मेरापुर थाना क्षेत्र के गांव गठवाया में सोलर इनवर्टर ठीक करते समय एक अधेड़ की दर्दनाक मौत हो गई। बता दें कि राजाराम दुबे के 42 वर्षीय पुत्र मोहित कुमार दुबे दोपहर करीब 1:45 बजे अपने घर पर मिस्त्री की मदद से सोलर इनवर्टर ठीक करा रहे थे। इसी दौरान अचानक बिजली का तार छू जाने से वे तेज करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
घटना के तुरंत बाद घर में हड़कंप मच गया। घबराए परिजनों ने आनन-फानन में मोहित को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज में भर्ती कराया। जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर विपिन सिंह ने चिकित्सीय परीक्षण के बाद मोहित को मृत घोषित कर दिया।
मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
मोहित की मौत की सूचना पर पत्नी रश्मि समेत अन्य परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। मृतक के बड़े भाई कौशल किशोर ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतक अपने पीछे 15 साल की बेटी दृष्टि, 10 साल के बेटे राम जी और 5 साल की मासूम बेटी अंशिका को छोड़ गए हैं। इस अचानक हुए हादसे से तीनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है, जिससे पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस प्रशासन को दी गई सूचना
मामले की गंभीरता को देखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रशासन ने घटना की लिखित जानकारी कोतवाली पुलिस को दी। हालांकि परिजन किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई के बिना ही शव को घर लेकर चले गए।

























