Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज नगर स्थित श्री कोतवालेश्वर हनुमान मंदिर कोतवाली में भगवान श्री कृष्ण जी के छठी उत्सव के उपलक्ष्य में एक भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कायमगंज कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला और मंदिर ट्रस्ट के सभी सदस्यों ने बांके बिहारी बाल गोपाल का विधि-विधान से पूजन-अर्चन व महाआरती करके किया। भगवान को कढ़ी-चावल का विशेष भोग अर्पित करने के बाद कन्या भोज का आयोजन किया गया, जिसमें नन्हीं बालिकाओं को सम्मानपूर्वक भोजन कराकर उनका आशीर्वाद लिया गया।

हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया कढ़ी-चावल का प्रसाद
कन्या पूजन एवं भोग के उपरांत मंदिर परिसर में विशाल भंडारे की शुरुआत हुई। इस अवसर पर कायमगंज व आसपास के क्षेत्रों से आए हजारों श्रद्धालुओं ने कढ़ी-चावल का प्रसाद चखा और पूरे वातावरण को भगवान श्री कृष्ण और हनुमान जी के जयकारों से गुंजायमान कर दिया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से कायमगंज कोतवाल विनोद कुमार शुक्ला, ट्रस्ट अध्यक्ष जितेंद्र रस्तोगी, ट्रस्ट प्रबंधक संगम शाक्य, उपाध्यक्ष कन्हैयालाल व दीपक शाक्य, तथा सदस्य गुरुदेव, जयवीर, आर्यन, शकुंतला सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

श्री कृष्ण छठी पर कढ़ी-चावल के भोग और पूजा का धार्मिक महत्व
बता दें कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, श्री कृष्ण जन्माष्टमी के छठे दिन बाल गोपाल की छठी मनाई जाती है, जो उनके नामकरण और शुद्धिकरण का पवित्र प्रतीक है। इस विशेष दिन लड्डू गोपाल का पंचामृत से अभिषेक कर कढ़ी-चावल का भोग लगाने की प्राचीन परंपरा है। माना जाता है कि इस दिन पूरे विधि-विधान से बाल गोपाल का श्रृंगार और पूजन करने से घर-परिवार में सुख, शांति और समृद्धि का वास होता है तथा सभी कष्टों व दुखों का निवारण होता है।

























