फर्रूखाबाद : ढाई घाट पुल पर कपड़े व नोट छोड़ युवक ने लगाई गंगा में छलांग, पुलिस और गोताखोर तलाश में जुटे

Farrukhabad News : मंगलवार की सुबह लगभग 10:00 बजे जनपद फर्रूखाबाद के शमशाबाद थाना क्षेत्र स्थित ढाई घाट गंगा नदी के पुल से गुजर रहे राहगीरों की नजर वहां लावारिस हालत में रखे कपड़े और एक नोट पर पड़ी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए राहगीरों ने तुरंत पास ही मौजूद साधु-संतों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचित किया गया। सूचना पाते ही शमशाबाद थानाध्यक्ष सचिन चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मिले सामान को अपने कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू की।

घर से घूमने की बात कहकर निकला था युवक

मौके से मिले नोट के आधार पर युवक की पहचान पड़ोसी जनपद एटा के अलीगंज थाना क्षेत्र मोहल्ला छेदालाल गौड़ निवासी रमेश चंद्र गुप्ता के 30 वर्षीय पुत्र गौरव गुप्ता के रूप में हुई है। परिजनों ने जानकारी देते हुए बताया कि गौरव मंगलवार तड़के करीब 4:30 बजे अपने पिता से 100 रुपये लेकर यह कहकर निकला था कि वह थोड़ा घूमने जा रहा है। हालांकि, काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटा और उसका मोबाइल फोन भी बंद आने लगा, तो परिजन चिंतित हो गए और अपने स्तर पर रिश्तेदारों व दोस्तों के यहां पूछताछ करने लगे।

शमशाबाद
मौके पर मिला नोट

पुलिस और स्थानीय गोताखोरों द्वारा तलाश अभियान जारी

सुबह करीब 10 बजे फर्रूखाबाद की शमशाबाद पुलिस द्वारा घटना की सूचना दिए जाने के बाद गौरव के परिजन आनन-फानन में ढाई घाट पुल पहुंचे। पुलिस ने नदी में गोताखोरों और स्टीमर की मदद से सघन खोजबीन और सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। स्थानीय गोताखोरों की मदद से गंगा नदी के आसपास के इलाकों में लगातार तलाश की जा रही है।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें