Farrukhabad News : जनपद फर्रूखाबाद के शमसाबाद क्षेत्र के गांव भगवानपुर में बाढ़ के पानी के बीच एक राहत भरी खबर सामने आई है। गांव की रहने वाली रानी को शनिवार दोपहर अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। गांव बाढ़ से पूरी तरह घिरा हुआ था, लेकिन आशा बहू सीता ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत मदद की व्यवस्था की और प्रसूता को सुरक्षित निकालने का प्रयास शुरू किया।

ट्रैक्टर और एंबुलेंस से तय हुआ मुश्किल सफर
रास्ते टूटे और जलमग्न होने के कारण सफर बहुत कठिन था। आशा बहू ने गर्भवती महिला को टेंपो और फिर ट्रैक्टर की मदद से पानी के बीच से निकालकर मुख्य मार्ग तक पहुंचाया। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां शाम को उसने एक स्वस्थ बेटी को जन्म दिया।

मां-बच्ची सुरक्षित, स्वास्थ्य विभाग का राहत अभियान
अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद मां और नवजात बच्ची को सुरक्षित घर पहुंचा दिया गया है। इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क हो गया। सीएचसी प्रभारी अधिकारी डॉ. अलीम अंसारी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर 15 अन्य गर्भवती महिलाओं को चिन्हित कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया।

























