Farrukhabad News : सोमवार की सुबह जनपद फर्रुखाबाद के नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव गंगलऊ परमनगर के पास रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। बता दें कि पोल संख्या 153/3 के पास करीब 25 वर्षीय युवक का शव पड़ा देख मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस व रेलवे प्रशासन को दी।

पुलिस और जीआरपी को दी गई सूचना
सुबह करीब सवा आठ बजे रेलवे के कीमैन ने शमशाबाद स्टेशन पर घटना के बारे में जानकारी दी। स्टेशन मास्टर पुत्तन लाल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जीआरपी पुलिस, डायल 112 और उच्च अधिकारियों को सूचित किया। प्राथमिक आशंका जताई जा रही है कि युवक रात के समय किसी ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
कांधेमई गांव के करण के रूप में हुई पहचान
घटनास्थल पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। शुरुआती दौर में शिनाख्त न होने के बाद ग्रामीणों और परिजनों की मदद से मृतक की पहचान नवाबगंज थाना क्षेत्र के कांधेमई गांव निवासी कैलाश शाक्य के 25 वर्षीय पुत्र करण के रूप में हुई। युवक की मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, पुलिस जांच में जुटी
परिजनों ने जानकारी देते हुए बताया कि करण का पिछले कुछ दिनों से मानसिक संतुलन ठीक नहीं चल रहा था। वह रात में घर पर सोया था और सुबह अचानक बिना बताए कहीं निकल गया। काफी खोजबीन के बाद परिजनों को उसकी मौत की दुखद खबर मिली। नवाबगंज पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

























