फर्रुखाबाद : विद्युत चेकिंग के दौरान अवर अभियंता से मारपीट, जांच करने गई टीम पर हमले का आरोप – पुलिस जांच में जुटी

Farrukhabad News : सोमवार की दोपहर फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र स्थित लोको रोड पर बिजली चोरी की जांच करने पहुंची विद्युत विभाग की टीम पर दबंगों ने हमला कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार उपखंड अधिकारी अजय कुमार और अवर अभियंता मुख्तार हुसैन की अगुवाई में विद्युत विभाग की टीम लोको रोड स्थित बरसाती गैराज के पास सुभाष अहिरवार के आवास पर चेकिंग के लिए पहुंची थी। जांच के दौरान बिजली में अनियमितता पाए जाने पर विभागीय कर्मचारी साक्ष्य जुटाने लगे।

अवर अभियंता के साथ मारपीट का आरोप

बता दें कि साक्ष्य संकलन की कार्रवाई के दौरान गृहस्वामी सुभाष अहिरवार और उनके पुत्र रजत कुमार ने कार्रवाई का विरोध किया। आरोप है कि बहस के दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई, जिसके बाद पिता-पुत्र ने अवर अभियंता मुख्तार हुसैन के साथ हाथापाई की और उनके साथ मारपीट की गई। इस घटना में अवर अभियंता को गंभीर चोटें आईं और उनका एक हाथ फ्रैक्चर हो गया। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों का जमावड़ा लग गया।

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद

पुलिस में तहरीर, लोहिया अस्पताल में हुआ मेडिकल

घटना के तुरंत बाद पीड़ित अवर अभियंता मुख्तार हुसैन ने फतेहगढ़ कोतवाली पहुंचकर नामजद आरोपियों के खिलाफ लिखित तहरीर दी। पुलिस ने तत्काल प्रभाव से घायल अवर अभियंता को डॉक्टरी परीक्षण के लिए लोहिया अस्पताल भेजा, जहां उनका इलाज कराया गया। फतेहगढ़ कोतवाली प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर नियमानुसार मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें