सोमवार की सुबह जनपद फर्रूखाबाद के मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के बजरिया हरलाल रोड निवासी अफसर मियां के 35 वर्षीय जरदोजी कारीगर पुत्र उमर मियां ने घर के बरामदे में लोहे के चैनल से फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। युवक की मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया।

9 वर्षों से चल रहा था पारिवारिक विवाद
परिजनों ने जानकारी देते हुए बताया कि उमर मियां लंबे समय से मानसिक तनाव और पारिवारिक कलह से जूझ रहे थे। मृतक के भतीजे निजाम खान ने बताया कि चाचा उमर की शादी को लगभग 9 साल 6 महीने हो चुके थे, लेकिन शादी के महज 6 महीने बाद ही उनकी पत्नी चांदनी अपने मायके कानपुर देहात चली गई थीं और तब से वहीं रह रही थीं। दोनों के बीच मामला न्यायालय में विचाराधीन था और लगातार आ रहे अदालती नोटिसों के कारण वे काफी परेशान रहते थे।
घर में अकेले रहते थे उमर मियां
बता दें कि चार भाइयों में सबसे छोटे उमर मियां घर पर अकेले ही रहते थे, जबकि उनके बड़े भाई खुर्शीद, नूर मियां और फिरोज अलग रहते हैं। घटना की सूचना मृतक के भतीजे इंतजाम ने कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही फर्रूखाबाद कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह गहलोत और त्रिकोना चौकी इंचार्ज शिव कुमार पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने शुरू की वैधानिक कार्रवाई
उप निरीक्षक शिव कुमार ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र सिंह गहलोत ने बताया कि शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद और न्यायालय के नोटिसों से उपजा मानसिक तनाव ही घटना की मुख्य वजह सामने आ रहा है। पुलिस मामले की हर पहलू से गहनता से जांच कर रही है।
























