शनिवार की सुबह जनपद फर्रुखाबाद के कादरीगेट थाना क्षेत्र की गंगा नगर कॉलोनी में दबंगों ने घर में घुसकर ई रिक्शा चालक पर लाठी डंडो से हमला कर दिया। गंभीर से घायल ई रिक्शा चालक की डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान 40 वर्षीय ई रिक्शा चालक आकाश कश्यप के रूप में हुई। ई रिक्शा चालक की मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया।

ई-रिक्शा और बुलेट हटाने को लेकर हुआ था विवाद
परिजनों ने जानकारी देते हुए बताया कि करीब एक महीने पहले आकाश गली से ई रिक्शा निकाल रहा था, रास्ते में खड़ी बुलेट मोटर साइकिल को हटाने को लेकर उसका मोहल्ले के ही कुछ लोगों से विवाद हो गया था। उस समय तो किसी तरह मामला शांत हो गया था। लेकिन आज, शनिवार की सुबह जब आकाश अपने घर पर मौजूद थे, तभी आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते घर में घुसकर उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
इलाज के दौरान तोड़ा दम, परिवार में मचा कोहराम
हमले में गंभीर रूप से घायल आकाश को परिजनों ने आनन फानन में डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान आकाश ने दम तोड़ दिया। आकाश की मौत की सूचना पर पत्नी रूबी समेत अन्य परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। बता दें कि मृतक अपने पीछे पांच छोटे छोटे मासूम बच्चों को छोड़ गया हैं।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
मारपीट में घायल ई रिक्शा चालक की मौत की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की । इधर पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी कपिल चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।

























