जनपद फर्रूखाबाद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला बिलौना में रक्षाबंधन पर्व से ठीक पहले मायके आई महिला की सर्पदंश से दर्दनाक मौत हो गई। बता दें कि जनपद मैनपुरी के बिछुआ थाना क्षेत्र के गांव बीलों निवासी फुलवारी लाल की 48 वर्षीय अनीता अपने पिता किशोरीलाल के निधन के बाद अपने मायके आई हुई थीं। रविवार रात जब वह घर में परिजनों के साथ सो रही थीं, तभी अचानक किसी जहरीले सांप ने उन्हें डस लिया।

अस्पताल ले जाते समय बिगड़ी हालत
पति फुलवारी लाल ने जानकारी देते हुए बताया कि, सर्पदंश के कुछ समय बाद अनीता को उल्टियां होने लगीं और शरीर में जहर फैलने से उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। परिजनों ने तड़के ही उन्हें आनन फानन में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने चिकित्सीय परीक्षण के बाद के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

गाँव में पसरा सन्नाटा, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
पिता के निधन के तुरंत बाद परिवार में यह दूसरी दुखद घटना होने से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतका अपने पीछे चार पुत्र और तीन बेटियां छोड़ गई हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। इस दुखद हादसे के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।






















