जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में 26 जून की रात एक गांव से 14 साल की नाबालिग किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गई थी। पीड़िता के पिता, जो दिल्ली में मजदूरी करते हैं, उन्होंने घर पहुंचकर 28 जून को पुलिस में अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था। शिकायत मिलते ही एक्शन में आई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया था।
बयानों के बाद पुलिस ने बढ़ाईं पोक्सो और बीएनएस की धाराएं
मामले की जांच के दौरान पीड़ित किशोरी के बयानों और पुलिस को मिले सबूतों के आधार पर पड़ोसी गांव के रहने वाले अहसान उर्फ आसान पुत्र आजाद का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस ने मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं और पोक्सो एक्ट के तहत धाराएं बढ़ा दीं। जांच में एक अन्य आरोपी का नाम भी सामने आया है, जिसकी तलाश जारी है।
मुखबर की सटीक सूचना पर मीरगंज के पास से धरा गया आरोपी
कायमगंज पुलिस टीम को शनिवार को एक बड़ी सफलता मिली। उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार और उनकी टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी अहसान को गांव मीरगंज के पास से दबोच लिया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे सीधे जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि बाकी पहलुओं पर भी जांच जारी है।



















