फर्रुखाबाद : विरोधियों को फंसाने के लिए पिता ने की मासूम बेटी की गला घोंटकर हत्या – गिरफ्तार

जनपद फर्रुखाबाद के कमालगंज थाना क्षेत्र के गांव गुगौरा में एक कलयुगी पिता ने अपने पड़ोसियों व विरोधियों को पुलिस केस में फंसाने के लिए अपनी ही डेढ़ साल की मासूम बच्ची जिज्ञासा की गला दबाकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पिता और मां ने पुलिस को गुमराह करने के लिए कहानी रची कि नाली के पानी के विवाद में पड़ोसियों द्वारा चलाए गए ईंट-पत्थर लगने से बच्ची की जान गई है। मां खुशबू देवी ने चार पड़ोसियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा भी दर्ज करा दिया था।

पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुला कलयुगी बाप का राज

मामले की जांच कर रहे भोजपुर चौकी प्रभारी अखिलेश कुमार और थाना पुलिस को शुरू से ही कहानी पर शक था। जब मासूम का पोस्टमार्टम कराया गया, तो उसमें साफ हुआ कि मौत ईंट-पत्थर लगने से नहीं, बल्कि गला घोंटने से हुई है। घटना स्थल की जांच में ईंट-पत्थर चलने का कोई सबूत नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने जब कड़ाई से आरोपी पिता बब्लू से पूछताछ की, तो वह टूट गया और उसने अपना खौफनाक जुर्म कबूल कर लिया।

इलाज के खर्च से परेशान था पिता, पुलिस ने भेजा जेल

पूछताछ में आरोपी पिता बब्लू ने खुलासा किया कि बच्ची लंबे समय से बीमार चल रही थी और वह उसके इलाज के खर्च से तंग आ चुका था। साथ ही, विरोधियों को फंसाने की नीयत से उसने इस दर्दनाक कदम को अंजाम दिया। प्रभारी निरीक्षक रामसहाय सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी पिता को गिरफ्तार कर शनिवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे सीधे जेल भेज दिया गया है।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें