फर्रुखाबाद : बेटी की शादी के कर्ज ने बेटे को बनाया कसाई, पिता को कुर्सी से पीट-पीटकर मार डाला – 24 घंटे में पुलिस ने हत्यारे को दबोचा

जनपद फर्रुखाबाद के मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के कस्बा रोहिल्ला निवासी 72 वर्षीय बुजुर्ग रामदास की उनके ही सगे छोटे बेटे श्याम सिंह उर्फ रामू ने बेरहमी से हत्या कर दी। बता दें कि आरोपी श्याम सिंह ने हाल ही में अपनी बेटी की शादी की थी, जिसमें भारी खर्च होने के कारण वह कर्ज के दलदल में डूब गया था। वह लगातार अपने पिता पर खेत और जमीन बेचकर पैसे देने का दबाव बना रहा था, लेकिन पिता इसके लिए तैयार नहीं थे।

फर्रुखाबाद
बाएं मृतक रामदास का फाइल फोटो व दाएं आरोपी श्यामसिंह का फाइल फोटो

कुर्सी से ताबड़तोड़ वार कर पिता को उतारा मौत के घाट

बीती 12 जुलाई की रात को पिता और पुत्र के बीच इसी बात को लेकर एक बार फिर तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में पागल हुए श्याम सिंह ने पास रखी प्लास्टिक की कुर्सी उठाई और अपने बुजुर्ग पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आने के कारण बुजुर्ग रामदास ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बेटे ने सबूत मिटाने के लिए अपनी खून से सनी बनियान घर के सामने कूड़े के ढेर में फेंक दी और फरार हो गया।

पुलिस ने 24 घंटे में बिछाया जाल, हत्यारा बेटा गिरफ्तार

बुजुर्ग रामदास की हत्या की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सीओ मोहम्मदाबाद अजय वर्मा ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी श्याम सिंह को मात्र 24 घंटे के भीतर धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई प्लास्टिक की कुर्सी और खून से सनी बनियान भी बरामद कर ली है। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें