जनपद फर्रुखाबाद में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का कड़ा एक्शन जारी है। रविवार की देर रात कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में पुलिस और एक शातिर अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई। यह बदमाश कोई आम अपराधी नहीं, बल्कि गोवध अधिनियम के मामले में फरार चल रहा 25 हजार रुपए का इनामी था। रात के अंधेरे में दोनों तरफ से कई राउंड फायरिंग हुई, इस मुठभेड़ में जहां पुलिस की गोली लगने से बदमाश घायल हो गया, वहीं उसका सामना करते हुए एक जांबाज सिपाही भी जख्मी हुआ है।

हथियार बरामद करने गई टीम पर अचानक दागी गोली
पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने रविवार रात करीब 1:00 बजे कोतवाली क्षेत्र के गांव निवासी अताईपुर निवासी गोकशी के आरोपी चंदा उर्फ चांद मियां को गिरफ्तार किया । जब पुलिस ने उससे कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने कबूल किया कि घटना में इस्तेमाल किए गए अवैध हथियार उसने गांव मीरपुर से कलाखेल जाने वाले रास्ते के पास घने जंगल में छिपा रखे हैं। पुलिस टीम जब आरोपी को साथ लेकर हथियार बरामद करने मौके पर पहुंची, तो आरोपी ने चालाकी दिखाई। वह अचानक पुलिस हिरासत से छूटकर झाड़ियों की तरफ भागा और वहां पहले से छिपाकर रखे 315 बोर के तमंचे से पुलिस पर जान से मारने की नीयत से सीधे फायर झोंक दिया।

चेतावनी के बाद भी नहीं माना, आत्मरक्षा में पुलिस ने सिखाया सबक
बदमाश द्वारा की गई इस अचानक फायरिंग में पुलिस टीम के सिपाही प्रवीण कुमार गोली लगने से घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने सूझबूझ दिखाई और बदमाश को सरेंडर करने यानी आत्मसमर्पण करने की सख्त चेतावनी दी। लेकिन जब वह नहीं माना और लगातार पुलिस पर गोलियां बरसाता रहा, तब पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की सटीक जवाबी फायरिंग में एक गोली सीधे आरोपी चंदा के बाएं पैर में जा लगी। गोली लगते ही बदमाश चीखकर वहीं जमीन पर गिर पड़ा, जिसके बाद सतर्क पुलिसकर्मियों ने बिना वक्त गंवाए उसे चारों तरफ से दबोच लिया।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत, मौके से भारी मात्रा में असलहा बरामद
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारियों के साथ जनपद की फॉरेंसिक टीम भी फौरन मौके पर पहुंच गई। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आरोपी चंदा की निशानदेही पर मौके से एक अवैध 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, एक बांका और एक तेज धारदार छुरी बरामद की है। इस पूरी साहसिक कार्रवाई में क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी और प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला सहित भारी पुलिस बल शामिल रहा।
25 हजार का इनामी था आरोपी, अन्य साथी पहले ही पहुंच चुके हैं जेल
अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में अपराधियों के खिलाफ एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। कुछ दिन पहले एक खेत में गोवंश के अवशेष मिले थे, जिसके बाद इस आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर 25,000 हजार का इनाम घोषित किया गया था। इस मामले से जुड़े अन्य आरोपियों को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है। घायल बदमाश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जबकि घायल सिपाही प्रवीण को बेहतर इलाज के लिए लोहिया अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस अब आरोपी के पूरे आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है।

फर्रुखाबाद : कायमगंज में गौकशी के 3 आरोपी गिरफ्तार, एक फरार – पुलिस ने भेजा जेल

















