जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज नगर स्थित शकुन्तला देवी शिक्षण संस्थान में वन महोत्सव कार्यक्रम बड़े ही उत्साह के साथ मनाया गया। जैसा कि हम सब जानते हैं, भारत में हर साल 1 जुलाई से 7 जुलाई तक वन महोत्सव मनाया जाता है। इसका असली मकसद लोगों को पेड़ लगाने के लिए प्रेरित करना है। इसी कड़ी में स्कूल परिसर में वृक्षारोपण अभियान चलाया गया, जहां सभी ने मिलकर धरती को हरा-भरा बनाने का बीड़ा उठाया।
देखें तस्वीरें…




अधिकारियों और गुरुजनों ने मिलकर रोपे पौधे : ली देखभाल की जिम्मेदारी
इस अवसर पर क्षेत्रीय वन अधिकारी राजेश कुमार, वन दरोगा शैलेश कुमार और वन रक्षक शिवेंद्र प्रताप विशेष रूप से मौजूद रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य सुतीक्षण श्रीवास्तव, एनसीसी सह अधिकारी लेफ्टिनेंट शिल्की मिश्रा, संतोष शर्मा, ममता सिंह, लक्ष्मी गंगवार, विकास श्रीवास्तव और मनीष गौर ने मिलकर अलग-अलग तरह के छायादार और फलदार पौधे लगाए। सिर्फ पौधे लगाए ही नहीं गए, बल्कि उनकी बच्चों की तरह देखभाल करने की कसम भी खाई गई।

‘सांसें हो रही हैं कम, आओ पेड़ लगाएं हम’ : विशेषज्ञों ने जगाई अलख
कार्यक्रम के दौरान वन क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार ने पर्यावरण की अहमियत समझाते हुए कहा कि वृक्ष हमारे सबसे सच्चे मित्र हैं, इन्हें बचाना हम सबकी जिम्मेदारी है। वहीं, इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य सुतीक्षण श्रीवास्तव ने दिल छू लेने वाली बात कही। उन्होंने कहा कि अगर आज के दौर में हमें शुद्ध हवा में सांस लेनी है, तो हर इंसान को प्रकृति का संतुलन बनाए रखना होगा। उन्होंने अपील की कि हर व्यक्ति कम से कम 5-5 पेड़ जरूर लगाए और पर्यावरण को सुरक्षित रखने की शपथ ले।



















