जनपद फर्रुखाबाद के मऊ दरवाजा थाना क्षेत्र के गांव हिथरेया निवासी 28 वर्षीय युवक रंजीत का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। युवक की मौत की सूचना पर देखते-देखते ग्रामीणों की भीड़ घर के बाहर एकत्रित हो गई। इधर सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बता दें कि मृतक युवक की शादी 5 वर्ष पहले हुई थी उसके एक चार वर्ष की भी पुत्री है।

“पत्नी व ससुरालिजन ने की भाई की हत्या” – बहन
भाई की मौत की सूचना पर पोस्टमार्टम हाउस पहुंची बहन नीरू यादव ने मृतक की पत्नी वह ससुराली जनों पर गंभीर आरोप लगाए। बहन का आरोप है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि एक सोची-समझी हत्या है। उसने दावा किया कि उसकी भाभी और उसके परिवार ने मिलकर रंजीत की हत्या कर दी और वारदात को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया।
संपत्ति का विवाद और नौकरी छूटने का दर्द
मृतक की बहन ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि ससुराल वालों ने रंजीत की नोएडा वाली नौकरी भी छुड़वा दी थी, जिसके बाद वह घर पर ही रहने लगा था। इतना ही नहीं, ससुराल पक्ष के लोगों ने पहले ही धोखे या दबाव से रंजीत की संपत्ति अपने नाम करवा ली थी और वे अक्सर रंजीत व उसके पिता के साथ मारपीट भी करते थे। जिसकी जानकारी उसके चचेरे भाइयों ने फोन पर दी थी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
मऊ दरवाजा थानाध्यक्ष अजब सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि युवक की मौत की सूचना पर मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की गई थी। शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही असल स्थिति साफ होगी। परिजनों की तहरीर के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।



















