फर्रुखाबाद : कैंटर से गैस रिसाव के बाद इटावा-बरेली हाईवे पर मचा हड़कंप, 20 मिनट तक थमा रहा ट्रैफिक

रविवार देर शाम जनपद फर्रुखाबाद स्थित इटावा-बरेली नेशनल हाईवे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक सीएनजी गैस कैंटर से अचानक गैस लीक होने लगी। पूरा मामला कादरी गेट थाना क्षेत्र के मेसीनी चौराहे के पास का है। वहां मौजूद लोगों ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद हरदोई के रूपापुर से जनपद एटा जा रहे इस सीएनजी कैंटर से अचानक बेहद तेज आवाज के साथ गैस का रिसाव शुरू हो गया। आवाज इतनी भयंकर थी कि करीब 100 मीटर दूर तक लोगों को सुनाई दी, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।

ड्राइवर की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, खुद मौके से हटा

गैस लीक होते ही कैंटर चालक दयाशंकर (निवासी आगरा) ने गजब की सूझबूझ दिखाई। उसने चौराहे से कुछ मीटर पहले ही सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को रोक दिया और तुरंत सुरक्षित दूरी पर चला गया। घटना की खबर आग की तरह फैली और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। लोग अनहोनी की आशंका से सहम गए थे। जब तक रिसाव पूरी तरह बंद नहीं हुआ, तब तक हाईवे और आसपास के लोगों की सांसें अटकी रहीं।

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद

सीओ सिटी अभय वर्मा और पुलिस टीम ने संभाला मोर्चा, हाईवे किया गया सील

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तुरंत एक्शन में आ गया। सीओ सिटी अभय वर्मा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने सूझबूझ से काम लिया और कैंटर से करीब 200 मीटर पीछे ही दोनों तरफ के ट्रैफिक को पूरी तरह रोक दिया। इसके बाद दमकल की गाड़ियां भी मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने कैंटर चालक को वापस बुलाया और कड़ी मशक्कत के बाद सिलेंडर के वाल्व को बंद कराया, तब जाकर सबने राहत की सांस ली।

फिटिंग कटने से खुला पाइप, अब स्थिति पूरी तरह सामान्य

पांचाल घाट चौकी प्रभारी मोहित मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तुरंत मोर्चा संभाला और ट्रैफिक को डायवर्ट व नियंत्रित किया। कैंटर चालक दयाशंकर के अनुसार, फिटिंग कट जाने की वजह से मुख्य पाइप खुल गया था, जिससे तेज प्रेशर के साथ गैस लीक होने लगी थी। पुलिस ने पुष्टि की है कि अब स्थिति पूरी तरह कंट्रोल में है, रास्ता साफ करा दिया गया है और कैंटर को वापस रूपापुर भेज दिया गया है। करीब 20 मिनट तक बंद रहने के बाद हाईवे पर यातायात दोबारा सुचारू रूप से शुरू हो गया।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें