फर्रुखाबाद : पुलिस कस्टडी से भागा बदमाश, मुठभेड़ के दौरान पैर में लगी गोली – लूट की घटना को दिया था अंजाम

जनपद फर्रुखाबाद के राजेपुर थाना क्षेत्र में पुलिस कस्टडी से फरार हुए लूट के एक आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दोबारा गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि आरोपी को जब मेडिकल जांच के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया जा रहा था, तभी वह पुलिसकर्मियों को चकमा देकर हिरासत से भाग निकला था। इसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आरोपी की तलाश के लिए तत्काल घेराबंदी शुरू कर दी गई।

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद

ग्रामीणों ने पकड़कर किया था पुलिस के हवाले, कुइयां गांधी गांव की घटना

पूरा मामला राजेपुर थाना क्षेत्र की है। शनिवार की रात को कुइयां गांधी गांव में एक अधिवक्ता और पूर्व जिला पंचायत सदस्य के घर पर बदमाशों ने धावा बोलकर लूटपाट की थी। लूट की इस वारदात के बाद ग्रामीणों ने बहादुरी दिखाते हुए दो बदमाशों को मौके पर ही पकड़ लिया था और जमकर धुनाई करने के बाद उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया था। पकड़े गए बदमाशों में से एक की पहचान सीतापुर के बीबीपुर निवासी 24 वर्षीय कुलवंत के रूप में हुई थी।

मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी, बदमाश ने पुलिस पर खोल दिया फायर

पुलिस कस्टडी से कुलवंत के भागने के बाद पुलिस की दो टीमें उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थीं। इसी बीच पुलिस को मुखबिर से पुख्ता जानकारी मिली कि आरोपी गांव कुलवंत कुइयां के पास ही एक खेत में छिपा बैठा है। पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए मौके पर पहुंचकर चारों तरफ से घेराबंदी कर दी। खुद को घिरा देख शातिर बदमाश कुलवंत ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से सीधे फायरिंग झोंक दी।

फर्रुखाबाद
लोहिया अस्पताल में भर्ती बदमाश कुलवंत

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में लगी गोली, लोहिया अस्पताल में इलाज जारी

बदमाश की तरफ से हुई गोलीबारी के जवाब में पुलिस टीम ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की। इस एनकाउंटर में एक गोली बदमाश कुलवंत के पैर में जा लगी, जिससे वह वहीं ढेर हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को तुरंत हिरासत में लिया और इलाज के लिए पहले राजेपुर स्वास्थ्य केंद्र और फिर डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। मौके पर पहुंची फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से सबूत और नमूने इकट्ठे कर लिए हैं।

सीओ ऐश्वर्या उपाध्याय का बयान, दर्ज हुआ एक और नया मुकदमा

क्षेत्राधिकारी ऐश्वर्या उपाध्याय ने जानकारी देते हुए बताया कि गांव कुइयां गांधी में हुई लूट की वारदात के संबंध में पहले ही संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा चुका था। अब पुलिस कस्टडी से भागने और पुलिस टीम पर हमला करने के आरोप में सिपाही की तहरीर पर आरोपी कुलवंत के खिलाफ एक और नया मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

फर्रुखाबाद दर्पण
फर्रुखाबाद दर्पण
Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें