उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 के विधानसभा चुनावों की तपिश अभी से महसूस होने लगी है। फर्रुखाबाद के आवास विकास स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में आयोजित मासिक बैठक में भारी संख्या में युवाओं और दिग्गजों ने पार्टी की सदस्यता ली, जिससे विपक्षी खेमों में हलचल तेज हो गई है। जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव की अध्यक्षता में हुई इस बैठक ने साफ कर दिया कि सपा अब ‘मिशन 2027’ के लिए पूरी तरह एक्शन मोड में है।

विशाल और प्रशांत राठौर की एंट्री से मोहम्मदाबाद में बढ़ी सपा की ताकत
सपा के बढ़ते जनाधार का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि गांव गैसिंगपुर के प्रधान शरद राठौर (मोनू) के दोनों बेटों, विशाल सिंह राठौर और प्रशांत सिंह राठौर ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया। जिलाध्यक्ष चंद्रपाल यादव ने इनका स्वागत करते हुए कहा कि युवाओं के इस जोश से मोहम्मदाबाद क्षेत्र में पार्टी को जबरदस्त मजबूती मिलेगी। साथ ही, देवरामपुर के प्रधान पवन कठेरिया को सदर विधानसभा का प्रभारी बनाकर पार्टी ने दलित और पिछड़ा वर्ग समीकरण को और मजबूत करने का दांव खेला है।
चंद्रपाल यादव और उर्मिला राजपूत ने भरी हुंकार : “प्रशासन के दम पर चल रही भाजपा”
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत ने सत्ताधारी दल पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनता के बीच अपनी पकड़ खो चुकी है और केवल प्रशासन के दम पर राजनीति कर रही है। वहीं, जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देते हुए कहा कि अखिलेश यादव के जनहित कार्यों को घर-घर पहुंचना ही हमारा मुख्य लक्ष्य है। उन्होंने दावा किया कि जनता अब बदलाव चाहती है और सपा प्रचंड बहुमत से वापसी करेगी।

PDA आंदोलन बनेगा 2027 में जीत की चाबी
जिला महासचिव इलियास मंसूरी ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) का फॉर्मूला अब एक जन-आंदोलन का रूप ले चुका है। यह ऐसी आंधी है जो 2027 में विरोधियों के तंबू उखाड़ देगी। वरिष्ठ नेता डॉ. जे.पी. वर्मा ने संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि बूथ स्तर पर सक्रियता ही हमारी असली शक्ति है। बैठक का सफल संचालन जिला उपाध्यक्ष मुन्ना यादव (एडवोकेट) ने किया।
दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में बनी चुनावी रणनीति
इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश सचिव सर्वेश अंबेडकर, मनोज मिश्रा, सुभाष चंद्र शाक्य, और महिला सभा की जिलाध्यक्ष सुलक्षणा सिंह, राधेश्याम सविता जैसे दिग्गज शामिल रहे। सभी पदाधिकारियों ने एक सुर में आगामी चुनावों के लिए बूथ मैनेजमेंट को मजबूत करने की शपथ ली।



















