फर्रुखाबाद : कायमगंज में कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ते ही व्यापारियों ने खोला मोर्चा, 7 मई को बड़े प्रदर्शन की तैयारी

पूरे प्रदेश में कमर्शियल गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों ने व्यापार जगत में खलबली मचा दी है। हाल ही में हुई भारी बढ़ोतरी के विरोध में ‘उद्योग व्यापार मंडल’ ने आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। रविवार को जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज नगर स्थित सीपी गेस्ट हाउस में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष लोकेश अग्रवाल ने साफ कर दिया कि व्यापारी अब चुप नहीं बैठेंगे। उन्होंने सरकार के इस फैसले को आम आदमी की जेब पर सीधा डाका बताया है।

कायमगंज
कायमगंज

सिलेंडर पर ₹993 की बड़ी वृद्धि, व्यापार मंडल ने दी आंदोलन की चेतावनी

प्रेस वार्ता के दौरान आंकड़े रखते हुए लोकेश अग्रवाल ने बताया कि बड़े सिलेंडर पर 993 रुपए और छोटे सिलेंडर पर 262 रुपए की भारी वृद्धि की गई है। इस बढ़ोत्तरी से रेस्टोरेंट, ढाबा और छोटे उद्योगों की कमर टूट जाएगी। व्यापारियों का कहना है कि गैस संकट वैश्विक हो सकता है, लेकिन सरकार को आम जनता को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। उन्होंने मांग की है कि वैकल्पिक ऊर्जा संसाधनों पर ध्यान दिया जाए ताकि जनता को इस महंगाई से बचाया जा सके।

कायमगंज
कायमगंज

7 मई को प्रदेशभर में फूंका जाएगा पुतला, राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन

आगामी 7 मई को प्रदेश के हर जिले में बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन की रूपरेखा तैयार की गई है। व्यापारी नेता सड़कों पर उतरकर ‘महंगाई के पुतले’ को आग के हवाले करेंगे। प्रदर्शन के बाद एसडीएम और जिलाधिकारी (DM) के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन भेजा जाएगा। व्यापारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि कीमतें कम नहीं हुईं, तो आंदोलन को और भी उग्र बनाया जाएगा।

कायमगंज
कायमगंज

तंबाकू कारोबारियों पर पुलिसिया कार्रवाई का विरोध और नए पदाधिकारियों की घोषणा

कार्यक्रम में तंबाकू व्यापार पर हो रही पुलिसिया कार्रवाई पर भी चर्चा हुई। व्यापार मंडल ने कहा कि तंबाकू का उपयोग दवाइयों में भी होता है, इसलिए व्यापारियों पर सीधे मुकदमा दर्ज करना अनुचित है। इसी बैठक में संगठन को मजबूती देने के लिए नई नियुक्तियां भी की गईं। मनोज कौशल को वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष, संजय गुप्ता को जिला अध्यक्ष, अमित सेठ को नगर अध्यक्ष और संजीव अग्रवाल को नगर महामंत्री नियुक्त किया गया है। इस दौरान पवन गुप्ता, अभिषेक अग्रवाल, और रश्मि दुबे समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

Amar Agnihotri
Author: Amar Agnihotri

Leave a Comment

और पढ़ें