फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन के तिराहे पर मंगलवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब ड्यूटी पर तैनात दो होमगार्ड आपस में ही भिड़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इस पूरी लड़ाई की जड़ ‘उगाही’ के पैसों का लेन-देन और बेईमानी थी। सरेराह हुई इस भिड़ंत ने खाकी की साख पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

गाली-गलौज से शुरू हुई बात और फटी वर्दी
स्टेशन पर तैनात होमगार्ड विशाल वर्मा और रमाकांत अग्निहोत्री के बीच पहले कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि विशाल ने रमाकांत को जमीन पर पटक दिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। मारपीट इतनी भीषण थी कि होमगार्ड की वर्दी तक फट गई। इस दौरान वहां मौजूद राहगीर की बाइक का इंडिकेटर भी टूट गया।
तमाशबीन बनी रही पुलिस, वीडियो हुआ वायरल
हैरानी की बात यह रही कि मौके पर मौजूद यातायात सिपाही सिद्ध गोपाल और महिला सिपाही साधना काफी देर तक मूकदर्शक बने रहे। जब मामला बढ़ गया, तब जाकर बीच-बचाव किया गया। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे विभाग की काफी किरकिरी हो रही है।

लापरवाह होमगार्डों पर गिरेगी गाज, विभाग सख्त
मामले की गंभीरता को देखते हुए यातायात उपनिरीक्षक सत्येंद्र कुमार ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने बताया कि दोनों होमगार्डों ने अनुशासनहीनता की सारी हदें पार कर दी हैं। अब इन दोनों को ड्यूटी से हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जांच के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी।



















