मंगलवार को जनपद फर्रुखाबाद के लाल सराय पर दर्जनों महिलाओं ने नेशनल गैस सर्विस के सामने मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। कई दिनों से रसोई गैस सिलेंडर के लिए चक्कर काट रहे उपभोक्ताओं का सब्र जवाब दे गया। गुस्से में आई महिलाओं ने बीच सड़क पर बैठकर नारेबाजी शुरू कर दी, जिससे शहर की रफ्तार थम गई और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

पुलिस से भिड़े उपभोक्ता, घंटों चली हाई-वोल्टेज ड्रामेबाजी
हंगामे की खबर मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन प्रदर्शनकारी हटने को तैयार नहीं थे। इस दौरान पुलिस और महिलाओं के बीच तीखी नोकझोंक और बहस भी हुई। जाम में फंसे राहगीरों ने जब निकलने की कोशिश की, तो उनके साथ भी प्रदर्शनकारियों की कहासुनी हो गई। गुस्साए लोगों का कहना था कि उन्होंने 3-4 दिन पहले ही बुकिंग करा ली थी, फिर भी उन्हें बार-बार एजेंसी से खाली हाथ लौटाया जा रहा है।

एजेंसी का ‘स्टॉक’ खाली, DSO के आश्वासन पर शांत हुआ गुस्सा
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) सुरेंद्र कुमार खुद मौके पर पहुंचे। एजेंसी प्रबंधक ने सफाई दी कि पीछे से सप्लाई बाधित होने के कारण सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं। DSO ने प्रदर्शनकारियों को समझाया कि आज गैस की गाड़ी आ रही है और प्राथमिकता के आधार पर बुकिंग वाले ग्राहकों को सिलेंडर बांटे जाएंगे। उच्च अधिकारियों के इस भरोसे के बाद महिलाएं सड़क से हटीं और यातायात दोबारा बहाल हो सका।



















