जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। कम्पिल थाना क्षेत्र के गांव आजम नगर निवासी रक्षपाल सिंह मैं कायमगंज कोतवाली में दिए प्रार्थना पत्र में कहा कि बुधवार को उसके दो नाती, अनुराग और अनमोल (पुत्र रंजीत कुमार), अपनी साइकिल ठीक कराने के लिए ढमढेरा आए हुए थे। साइकिल ठीक कराकर जब दोनों बच्चे वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
डंपर की भीषण टक्कर से मची चीख-पुकार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डंपर संख्या BR28GB4508 के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए बच्चों की साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बच्चे सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
CHC से लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद रेफर
घटना के तुरंत बाद दोनों घायल बच्चों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कायमगंज ले जाया गया। वहां मौजूद डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बच्चों की हालत को बेहद चिंताजनक बताते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल, फर्रुखाबाद रेफर कर दिया है।
पुलिस ने दर्ज की शिकायत, कानूनी कार्रवाई शुरू
कोतवाली प्रभारी मदन मोहन चतुर्वेदी ने जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपी डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है जांच की जा रही है।


















