फर्रुखाबाद : कुलवंती हॉस्पिटल में इलाज के दौरान महिला की मौत, परिजनों ने काटा हंगामा – प्रशासन ने अस्पताल किया सील

जनपद फर्रुखाबाद के कादरीगेट थाना क्षेत्र के मसेनी स्थित कुलवंती हॉस्पिटल में 28 वर्षीय राखी की इलाज के दौरान मौत हो गई। मूल रूप से इटावा की रहने वाली राखी अपने मायके दिग्गी ताल आई हुई थीं। महज एक सप्ताह पहले, 20 तारीख को इसी अस्पताल में उनकी नॉर्मल डिलीवरी हुई थी। परिजनों के अनुसार, डिलीवरी के बाद जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ थे और उन्हें छुट्टी दे दी गई थी। लेकिन किसे पता था कि चंद दिनों बाद ही खुशियां मातम में बदल जाएंगी।

फर्रुखाबाद
मृतक राखी का फाइल फोटो

गलत इंजेक्शन का आरोप: तड़प-तड़प कर गई जान

बीती रात राखी की तबीयत अचानक बिगड़ी, जिसके बाद घरवाले आनन-फानन में उन्हें दोबारा कुलवंती हॉस्पिटल ले गए। मृतका के पति शिवकांत कश्यप का गंभीर आरोप है कि अस्पताल स्टाफ ने बिना किसी सीनियर डॉक्टर की सलाह और बिना जांच के राखी को दवाएं और इंजेक्शन दे दिए। इंजेक्शन लगते ही राखी का पेट फूलने लगा और उनकी हालत बद से बदतर होती चली गई। परिजनों का कहना है कि बार-बार गुहार लगाने के बाद भी अस्पताल ने किसी विशेषज्ञ डॉक्टर का इंतजाम नहीं किया, जिससे राखी ने दम तोड़ दिया।

कायमगंज
कायमगंज

हॉस्पिटल में भारी बवाल: मौके पर पहुंचे बड़े अधिकारी

महिला की मौत की सूचना पर परिजन व ग्रामीण अस्पताल पहुंचे और जमकर हंगामा किया। स्थिति तनावपूर्ण देख सीओ सिटी ऐश्वर्या उपाध्याय और सीएमओ डॉ. अवनींद्र कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मृतका की छोटी बहन स्वेता ने कादरीगेट थाने में लिखित तहरीर देकर अस्पताल स्टाफ के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद

बड़ी कार्रवाई: अस्पताल सील, 3 डॉक्टरों की टीम करेगी जांच

मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सख्त कदम उठाए हैं। सीएमओ अवनींद्र कुमार ने बताया कि लापरवाही के आरोपों की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी बना दी गई है। पारदर्शी जांच के लिए पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल से कराया जाएगा। प्रशासन ने अस्पताल को खाली कराकर उसे सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि जांच रिपोर्ट में दोषी पाए जाने पर अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

और पढ़ें