जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज क्षेत्र के गांव घसिया चिलौली स्थित ब्लॉक संसाधन केंद्र में मंगलवार को दिव्यांग बच्चों के लिए निःशुल्क उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम समग्र शिक्षा एवं समेकित शिक्षा के तहत एलिम्को कानपुर के सहयोग से किया गया। शिविर का उद्घाटन जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी और क्षेत्रीय विधायक डॉ. सुरभि गंगवार ने संयुक्त रूप से किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में अभिभावक व बच्चे मौजूद रहे।

129 बच्चों को मिले 136 उपकरण — बच्चों के चेहरों पर दिखी खुशी
शिविर में कायमगंज, शमशाबाद और नवाबगंज ब्लॉक से आए कुल 129 बच्चों को 136 उपकरण बांटे गए। उपकरण पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे और अभिभावकों ने प्रशासन व एलिम्को टीम का आभार जताया। एलिम्को टीम की ओर से बताया गया कि उपकरणों में छोटी-बड़ी ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, सीपी चेयर, रोलर, टीएलएम किट, कान की मशीन और ब्रेल किट शामिल थीं।

“दिव्यांग बच्चों की मदद सबसे बड़ा पुण्य”— जिलाधिकारी
जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने कहा कि दिव्यांग गरीब बच्चों की सहायता करना समाज के लिए सबसे बड़ा पुण्य कार्य है। एलिम्को कानपुर हर साल उत्कृष्ट तरीके से यह काम करता है। उन्होंने एसआईआर व बीएलओ टीम की कार्यप्रणाली की सराहना की और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों से मतदाता पुनरीक्षण कार्य में सहयोग का आग्रह भी किया।

सिवारा में बनेगा 26 करोड़ का कम्पोजिट विद्यालय— विधायक
क्षेत्रीय विधायक डॉ. सुरभि गंगवार ने कहा कि जिलाधिकारी के सहयोग से कंपिल क्षेत्र के गांव सिवारा खास में 26 करोड़ की लागत से आधुनिक कम्पोजिट विद्यालय निर्माण का मार्ग साफ हुआ है। इससे क्षेत्र में शिक्षा को नई दिशा और बच्चों को बेहतर भविष्य मिलेगा।

कौन-कौन से उपकरण वितरित किए गए
एलिम्को अधिकारी अशोक प्रताप सिंह ने जानकारी दी कि शिविर में 129 दिव्यांग बच्चों को 9 छोटी ट्राईसाइकिल, 7 बड़ी ट्राईसाइकिल, 11 छोटी व्हीलचेयर, 21 बड़ी व्हीलचेयर, 7 सीपी चेयर, 19 रोलर, 45 टीएलएम किट (20— 7 से 11 वर्ष, 25— 11 से 16 वर्ष), 12 कान की मशीन, 2 ब्रेल किट वितरित की गई।

कार्यक्रम में मौजूद रहे कई अधिकारी
इस कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ प्रताप सिंह, बीईओ ओमप्रकाश पाल, एआरपी अनुराग पाठक, सुबोध अग्निहोत्री, सहायक अध्यापक योगेंद्र कुमार, अश्विनी चतुर्वेदी, वीरेंद्र कुमार, विक्रांत पाठक, राजकुमार और प्रधान प्रतिनिधि शिवम यादव मौजूद रहे।



















