Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर अभियान की जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं सहित सभी छूटे हुए पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराया जाए। इसके लिए चार विशेष अभियान दिवस भी निर्धारित किए गए हैं।

11.87 लाख मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट सूची में शामिल
जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कराया जा रहा है। मंगलवार को आलेख्य यानी ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। इसके अनुसार जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 11,87,068 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 6,55,725 पुरुष, 5,31,320 महिलाएं और 23 अन्य मतदाता शामिल हैं। जिले में कुल 1,605 मतदेय स्थल बनाए गए हैं।

कायमगंज विधानसभा में सबसे अधिक मतदाता
विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों के अनुसार 192-कायमगंज (अजा) में 470 मतदेय स्थलों पर 3,51,612 मतदाता हैं। 193-अमृतपुर में 372 मतदेय स्थलों पर 2,68,969 मतदाता दर्ज हैं। इसी तरह 194-फर्रुखाबाद में 390 मतदेय स्थलों पर 2,82,683 और 195-भोजपुर में 373 मतदेय स्थलों पर 2,83,804 मतदाता शामिल हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि यदि किसी पात्र नागरिक का नाम सूची में छूट गया है या किसी प्रविष्टि में गलती है तो निर्धारित समय में दावा या आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है।

21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने और संशोधन कराने के लिए 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इसके लिए 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए गए हैं। इन दिनों सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उपस्थित रहकर आवेदन प्राप्त करेंगे। नाम जुड़वाने के लिए फार्म-6, नाम हटाने के लिए फार्म-7 और विवरण में संशोधन के लिए फार्म-8 उपलब्ध रहेगा। दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक होगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित की जाएगी।

युवाओं और महिलाओं के पंजीकरण पर विशेष जोर
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 1 जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं का फार्म-6 भरवाकर पंजीकरण कराया जाए। इसके साथ ही राशन दुकानों, महिला स्वयं सहायता समूहों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, आशा और एएनएम के माध्यम से छूटे हुए पात्र नागरिकों, विशेषकर महिलाओं और युवाओं को चिह्नित किया जाए। राजनीतिक दलों से भी अपने बूथ लेवल एजेंटों के माध्यम से अभियान में सहयोग करने की अपील की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और निर्वाचन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।


























