Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद के राजेपुर थाना पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक एंड्रॉइड मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी बरामद किया है। जिसका इस्तेमाल ठगी की वारदातों को अंजाम देने में किया जाता था।

इस तरह सामने आया ठगी का पूरा सच
बता दें कि पुलिस को 12 नवंबर 2026 को इस संबंध में शिकायत प्राप्त हुई थी। जिसके बाद मामले की गंभीरता से जांच शुरू की गई। जांच के दौरान गांव हरिहरपुर निवासी करन उर्फ श्याम सिंह पुत्र श्याम सिंह का नाम सामने आया। पुलिस की छानबीन में यह बात स्पष्ट हुई कि पांच अलग-अलग बैंक खातों के जरिए छह मामलों में कुल 10,87,488 रुपये की ठगी की गई थी।

सस्ते सामान का लालच देकर ठगते थे लोग
पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया कि वह अपने नाम से बैंक खाते खुलवाकर उन्हें किराए पर देता था। इन खातों के जरिए सीमेंट, गेहूं, चीनी, काजू, बादाम और कोल्ड ड्रिंक समेत अन्य सामान बेहद सस्ते दामों पर बेचने का लालच देकर आम लोगों को ठगा जाता था। ठगी की इस पूरी रकम को इन्हीं खातों में जमा कराकर निकाल लिया जाता था।

पुलिस ने शुरू की आगे की कानूनी प्रक्रिया
राजेपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रासंगिक धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस सफल गिरफ्तारी अभियान को अंजाम देने वाली टीम में थाना प्रभारी अजब सिंह, एसआई सतेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल विश्वनाथ सिंह, कांस्टेबल बीरज और कांस्टेबल सौरभ सिंह शामिल रहे।


























