Farrukhabad News : जनपद फर्रुखाबाद के कायमगंज स्थित द किसान सहकारी चीनी मिल में नए पेराई सत्र को लेकर तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। मिल परिसर में मशीनों की मरम्मत का कार्य तेजी से चल रहा है। महाप्रबंधक डॉ. नीरज कुमार वर्मा ने जानकारी दी कि तीनों टरबाइन की मरम्मत पूरी हो चुकी है तथा प्रदूषण कम करने के लिए नया आईडी फैन और नया शीरा टैंक भी बनाया गया है। आगामी एक-दो दिनों के भीतर मिल का मास्टर ट्रायल किया जाएगा, जिससे सत्र के सुचारू संचालन को सुनिश्चित किया जा सके।

इस सत्र में 14 लाख क्विंटल गन्ना पेराई का लक्ष्य
इस बार के पेराई सत्र के लिए मिल प्रशासन ने कुल 14 लाख क्विंटल गन्ना पेराई करने का बड़ा लक्ष्य निर्धारित किया है। महाप्रबंधक के अनुसार, इस बार क्षेत्र में 3,845 हेक्टेयर भूमि पर गन्ने की फसल लहलहा रही है, जिसमें पौधा गन्ने का रकबा 500 हेक्टेयर तक बढ़ा है। रकबा बढ़ने से चीनी रिकवरी बेहतर होने की पूरी उम्मीद जताई जा रही है, हालांकि अत्यधिक बारिश के चलते शुरुआती लैब टेस्ट में रिकवरी थोड़ी कम दर्ज की जा रही है।

तौल पर पैनी नजर के लिए एआई और सीसीटीवी कैमरे
किसानों की गन्ने की तौल में पूरी पारदर्शिता बनाए रखने के लिए इस बार सुरक्षा और निगरानी के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मिल गेट पर आधुनिक एआई (AI) कैमरे और बाहरी क्रय केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए जा रहे हैं। इसके अलावा गुदरागंज प्रथम व द्वितीय, हजीजापुरा, कुतुब सराय, फैजबार और रोशनाबाद क्रय केंद्र पूरी तरह से तैयार कर लिए गए हैं, ताकि किसानों को तौल के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

किसान भवन में ठहरने की सुविधा और कैंटीन की व्यवस्था
दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले किसानों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। मिल परिसर स्थित किसान भवन में किसानों के बैठने, विश्राम करने और ठहरने के लिए उत्तम व्यवस्था की गई है। साथ ही, रियायती दरों पर भोजन और चाय उपलब्ध कराने के लिए कैंटीन का संचालन किया जाएगा। ठंड के मौसम को देखते हुए परिसर और यार्ड में अलाव की व्यवस्था भी की जाएगी। मिल प्रबंधन ने किसानों से अपील की है कि वे मिल में साफ-सुथरा गन्ना ही लेकर आएं, जिसमें जड़ और पत्तियां बिल्कुल न हों।


























